तीन केंद्रों पर जांचीं गईं 17219 कापियां



जासं, चंदौली : यूपी बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकनकार्य युद्ध स्तर पर जारी है। शनिवार को तीन केंद्रों पर 17219 कापियां जांची गई। एमटीआइसी में डीएलएड की परीक्षा के चलते मूल्यांकन कार्य अन्य दिनों की अपेक्षा धीमा रहा। यहां 6840 कापियां ही जंच सकी। परीक्षकों की शत प्रतिशत उपस्थिति न होने से अपेक्षाकृत कापियां जांचने में कमी आ रही है। हालांकि अब तक 47 प्रतिशत मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है।
एमटीआइसी में दोपहर ढाई बजे से डीएलएड की परीक्षा थी। दोपहर एक बजे तक यहां इंटर के डेढ़ दर्जन व उसके बाद पांच कक्षों में हिदी, अंग्रेजी, रसायन, भौतिक, जीवन विज्ञान और गणित की कापियां परीक्षकों ने जांची। शाम चार बजे तक यहां 6840 कापियां ही जांची गईं। पीडीडीयू नगर प्रतिनिधि के अनुसार नगर पालिका इंटर कालेज में हाईस्कूल की 4352 कापियां जांची गईं। केंद्र प्रभारी महेंद्र पांडेय ने बताया अब तक 35991 कापियों का मूल्यांकन हो चुका है। जबकि 30424 कापियां जांची जानी शेष हैं। चकिया प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार को 108 परीक्षक केंद्र पर उपस्थित हुए। सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू हुआ मूल्यांकन कार्य शाम चार बजे तक चला। इसमें 6027 कापियों का मूल्यांकन हुआ। हिदी, अंग्रेजी, कला, जीव विज्ञान, भौतिकी, रसायन, संस्कृत, गणित समेत डेढ़ दर्जन से अधिक विषय शामिल हैं। कापियां जांचने के कार्य हर रोज तेजी पकड़ रहा लेकिन अपेक्षाकृत परीक्षकों की संख्या में इजाफा नहीं हो रहा है।

Comments